राष्ट्र निर्माण एवं राजनीतिक सुधार का आह्वान
जैसा कि आप सभी जानते हैं, वर्तमान समय में भारतीय राजनीति के स्तर और राजनीतिक संवाद की मर्यादा को लेकर गंभीर चिंताएँ सामने आ रही हैं। विश्वगुरु के रूप में अपनी पहचान रखने वाले भारत में आज राजनीतिक भाषा और संवाद की गरिमा को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
लोकतंत्र के मूल्यों—धर्मनिरपेक्षता, समानता और न्याय—की बात करने वाली राजनीतिक व्यवस्था में भी आज जातिवाद, धर्मवाद, भाषावाद और क्षेत्रवाद के आधार पर समाज में विभाजन की प्रवृत्तियाँ दिखाई देती हैं। जिस भारत ने पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया, यदि वही भारत इन सामाजिक और राजनीतिक विभाजनों से प्रभावित होता रहेगा, तो हमें स्वयं से यह प्रश्न करना होगा—क्या इसी रास्ते पर चलकर हम भारत को विश्वगुरु बना पाएँगे? क्या हम ऐसे भारत को पुनः समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बना पाएँगे?
आज हमें चिंतन करने की आवश्यकता है। हमें अपनी राजनीतिक सोच और व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से हमने सामाजिक शोध तथा जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर कार्य करने वाले युवाओं और जागरूक नागरिकों को देशभर में संगठित करके भारत महापरिवार पार्टी का गठन किया है।
हमारी पार्टी का लक्ष्य राजनीतिक सुधार एवं संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में कार्य करना है। हमारा प्रयास ऐसी राजनीतिक परंपरा स्थापित करना है जिसमें राजनीति केवल चुनावी वादों और राजनीतिक एजेंडों तक सीमित न रहे, बल्कि देश और जनता की वास्तविक समस्याओं के स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए जाएँ।
समाधान आधारित राजनीति
इसी उद्देश्य से हमने देश और जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं वैकल्पिक नीतियों को अपनी वेबसाइट www.bmpparty.org के माध्यम से जनता के समक्ष रखने का प्रयास किया है।
हम विरोध की राजनीति में विश्वास नहीं करते। हमारा विश्वास समाधान, विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति में है।
इसी दिशा में हमने ऐसी आधुनिक प्रणालियों की परिकल्पना एवं विकास पर कार्य किया है, जिनका उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाना तथा भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े जैसी समस्याओं को कम करने में सहायता करना है।
युवाओं की भूमिका
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए हम उन सभी नागरिकों से जुड़ना चाहते हैं जो राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाना चाहते हैं और जाति, धर्म, भाषा तथा क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने में विश्वास रखते हैं।
हम उन युवाओं और नागरिकों को आगे आने का अवसर देना चाहते हैं जो—
राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित हैं;
कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील हैं;
“जय जवान, जय किसान” के महत्व को समझते हैं;
व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता को महसूस करते हैं;
योग्यता, क्षमता और ईमानदार नेतृत्व में विश्वास रखते हैं;
भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
हमें अपने राजनीतिक निर्णय पर विचार करना होगा
हमें स्वयं से यह प्रश्न पूछना होगा कि हम कब तक ऐसे प्रतिनिधियों का चुनाव करते रहेंगे जिनके पास अपने क्षेत्र, समाज और देश के विकास के लिए स्पष्ट योजना, प्रभावी नीतियाँ या प्रशासनिक क्षमता का अभाव हो?
किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रतिनिधि का चुनाव केवल जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र या व्यक्तिगत भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी योग्यता, क्षमता, चरित्र, नीतियों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
यदि हम केवल व्यक्तिगत अथवा जातिगत और धार्मिक भावनाओं से प्रेरित होकर किसी व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि चुनते हैं, जबकि उसकी योग्यता और कार्यक्षमता पर पर्याप्त विचार नहीं करते, तो हमें बाद में उससे बेहतर शासन और विकास की अपेक्षा करने से पहले अपने निर्णय पर भी विचार करना चाहिए।
अपनी सोच में परिवर्तन की आवश्यकता
अब समय आ गया है कि हम अपनी राजनीतिक सोच और मानसिकता में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ।
हमें अपने व्यक्तिगत स्वार्थों और संकीर्ण सामाजिक पहचान से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के व्यापक उद्देश्य के लिए एकजुट होना होगा, क्योंकि हम सबसे पहले एक राष्ट्र, एक देश और एक भारत के नागरिक हैं।
हमें मिलकर देश की समस्याओं के ऐसे स्थायी समाधान तलाशने होंगे, जो शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बना सकें।
हमें ऐसी आधुनिक प्रणालियों के विकास की दिशा में कार्य करना होगा, जिनके माध्यम से जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और नागरिकों को बेहतर प्रशासन एवं सेवाएँ प्राप्त हो सकें।
राजनीति को योग्य नेतृत्व देने की पहल
भारत महापरिवार पार्टी इसी संकल्प के साथ राजनीतिक सुधार की दिशा में एक आधुनिक पहल करने जा रही है।
हमारा प्रयास है कि राजनीति में योग्यता, शिक्षा, क्षमता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों को आगे आने का अवसर मिले।
इसी उद्देश्य से पार्टी एक ऐसा खुला मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है, जहाँ देश का कोई भी योग्य नागरिक संगठन से जुड़ने, सदस्य बनने, संगठनात्मक दायित्व के लिए अपनी इच्छा व्यक्त करने तथा प्रत्याशी बनने के लिए अपना अनुमोदन/आवेदन प्रस्तुत कर सके।
पार्टी का प्रयास रहेगा कि प्रत्याशियों का चयन योग्यता, क्षमता, सामाजिक योगदान, नीतिगत समझ और जनसेवा की प्रतिबद्धता जैसे मानकों के आधार पर किया जाए।
आइए, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें
भारत महापरिवार पार्टी का उद्देश्य केवल एक राजनीतिक संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि राजनीतिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन और व्यवस्था सुधार की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।
हम देश के सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे इस विचार और पहल पर विचार करें तथा योग्य एवं सक्षम नागरिकों की लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देने में अपना योगदान दें।
आपका सहयोग हमारे लिए महत्वपूर्ण है। आपका छोटा से छोटा योगदान भी संगठन और राष्ट्र निर्माण की इस पहल को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
पार्टी से जुड़ने, सदस्यता लेने, संगठन में भागीदारी करने तथा अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हमारी वेबसाइट पर जाएँ:
एक विचार • एक परिवार • एक संकल्प • विकसित भारत
जय हिन्द। जय भारत।